यमुनानगर। बूड़िया गेट चौकी के पास दोस्त के साथ हुए झगड़े में समझौता करवाने गए मनोहर कॉलोनी निवासी मोनू खान उर्फ मोजू खान पर कुछ युवकों ने रॉड व लोहे के पाइप से हमला कर दिया। युवक की बेरहमी से पिटाई कर आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद गंभीर हालत में युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इससे पहले पुलिस को दिए गए बयान में युवक ने चार नामजद सहित अन्य आरोपियों पर हमला करने का आरोप लगाया। मामले में हत्या का केस दर्ज कर शहर जगाधरी पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि कुछ दिन पहले मोनू खान के दोस्त हरविंद्र उर्फ कन्नू के साथ कॉलोनी के शिवा, सचिन व अन्य का झगड़ा हुआ था। इसमें कन्नू को चोट आई थी। इस बात को लेकर कन्नू के साथ शिवा व सचिन की रंजिश चल रही थी। इस दौरान मनोहर कालोनी निवासी कन्हैया लाल उर्फ विक्रम बाबा ने मोनू खान से कहा कि इन लोगों का तुम आपस में फैसला करवा दो ताकि किसी का कोई नुकसान न हो। दोनों पक्षों का फैसला कराने के लिए रविवार रात करीब पौने 11 बजे मोनू खान और उसका दोस्त गंगा नगर निवासी चेतन मनोहर कॉलोनी निवासी शिव और सचिन के घर पहुंचे। यहां पर उन्हें शिवा, सचिन व बजरंगी हाथ में रॉड, लोहे के पाइप व नुकीले हथियार लिए मिले। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने कन्हैया लाल उर्फ विक्रम की शह पर मोनू को जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जबकि उसका दोस्त चेतन किसी तरह से जान बचाकर भागा। इस दौरान हमलावरों ने रॉड व लोहे के पाइपों से मोनू खान की दोनों बाजू व टांगे तोड़ दी। टांगें तोड़ने के बाद भी आरोपी लगातार हमला करते रहे। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। उनको आता देख हमलावर फरार हो गए। उसके बड़े भाई अकबर सोने ने उसको शहर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देख पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
एंबुलेंस नहीं पहुंची तो स्कूटी पर पहुंचाया अस्पताल
मोनू पर हमला होने की सूचना पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। भाई अकबर और सोनू ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो मोनू खून से लथपथ हालात में पड़ा हुआ था। उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन जब काफी देर तक एंबुलेंस वहां नहीं पहुंची तो वे स्कूटी पर ही मोनू को लेकर अस्पताल गए। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बूड़िया गेट चौकी पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। मृतक के भाई ने बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके भाई की हत्या की है। आरोपी विक्रम शराब का धंधा करता है। उसी की शह पर आरोपियों ने उसके भाई की हत्या की।
बूड़िया गेट चौकी इंचार्ज गुरदयाल सिंह का कहना है कि मामले में पहले पुलिस ने शिवा, सचिन, विक्रम व बजरंगी को नामजद करते हुए अन्य पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन बाद में जब घायल की मौत हो गई तो मामले में हत्या की धारा 302 लगाई गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं।