संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सेक्टर-17 थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक से मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना सेक्टर-17 स्थित चौधरी ढाबा के पास की है, जहां बाइक सवार तीन बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग गए। पीड़ित के शोर मचाने के बावजूद आरोपी पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की आवास विकास कॉलोनी निवासी अमित पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चांदपुर स्थित ओम क्लिनिक में लैब टेक्नीशियन के तौर पर कार्यरत है। एक फरवरी की रात करीब साढ़े 12 बजे वह खाना लेने के लिए सेक्टर-17 स्थित चौधरी ढाबा पर आया था।
ढाबे पर ऑर्डर देने के बाद वह बाहर पार्किंग में खड़ा होकर मोबाइल पर बातचीत करने लगा। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। एक बदमाश बाइक को स्टार्ट करके उसी पर बैठा रहा। उसके दो साथी उतर कर उसके पास आए। दोनों ने अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके पास से 15 हजार रुपये और मोबाइल छीन कर भाग गए।
उसके शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग एकत्र हुए, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।