यमुनानगर। यमुनानगर के थाना बूड़िया क्षेत्र में फतेहपुर पुल के नीचे पश्चिमी यमुना नहर के किनारे पांच मार्च को मिली महिला के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा शरीर में कुछ अंदरूनी चोटें भी मिली हैं। हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत इन चोटों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने शव का विसरा सुरक्षित रख लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विसरा जांच से यह स्पष्ट होगा कि महिला के शरीर में किसी प्रकार का जहर या नशीला पदार्थ मौजूद था या नहीं। पोस्टमार्टम के दौरान दुष्कर्म के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले, लेकिन एहतियात के तौर पर इससे संबंधित सैंपल भी लिए गए हैं। इन सैंपलों की लैब में जांच कराई जाएगी, ताकि इस संभावना को पूरी तरह से खारिज या साबित किया जा सके।
उधर, थाना बूड़िया के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। यदि भविष्य में किसी गुमशुदगी के मामले से शव का मिलान होता है तो डीएनए जांच के माध्यम से उसकी पहचान स्थापित की जाएगी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत का वास्तविक कारण फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी महिला के लापता होने की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।