स्पेशल स्टाफ की टीम ने फ्रेंडस कॉलोनी निवासी डिप्टी सिंह के मकान का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव मेहरवाली निवासी मोहित उर्फ बाबा के तौर पर हुई। वह इस समयं जोड़ियो में किराये के मकान में रह रहा था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि फ्रेंडस कॉलोनी निवासी डिप्टी सिंह तीन दिन पहले पत्नी के साथ बेटे खुशदीप को दवाई दिलवाने के लिए सिविल अस्पताल में लेकर गया था। वहां से वापस लौटे, तो मकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से 40 हजार रुपये व करीब तीन तोले सोने के जेवरात गायब थे। इस संबंध में गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। तफ्तीश के दौरान आरोपी मोहित कुमार उर्फ बाबा के बारे में पता लगा। जिस पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी की वारदात को कबूला।