संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव भीलपुरा-76 के पास अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को रोकने पर आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी और मौके भाग गए।
इसके बाद ट्राली को जब्त कर थाने ले जाने की कोशिश की गई तो वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और सरकारी काम में बाधा डाली।
थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एएसआई नरेंद्र सिंह ने टीम के साथ अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को आते देखा। जब ट्राली को रुकने का इशारा किया गया तो चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए पुलिस वाहन में टक्कर मार दी।
इस टक्कर से पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर को अलग कर ट्राली छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अन्य ट्रैक्टर बुलाकर ट्राली को कब्जे में लिया और थाने ले जाने लगी।
इसी दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और ट्राली को ले जाने से रोकने लगे। कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को सरकारी कार्य में बाधा का सामना करना पड़ा।
जांच के दौरान सामने आया कि मुंतजीर उर्फ भूरा और अनवर ने अपने ट्रैक्टर से पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारी थी। एएसआई नरेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को नामजद करते हुए कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।