संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शाम के पांच बजते ही शहर की रफ्तार थमने लगती है। कॉलोनियों से मुख्य सड़कों पर उतरते ही वाहन चालकों का सामना लंबी कतारों से होता है। बाजार जाने की जल्दबाजी में निकले परिवार जाम में फंसकर परेशान नजर आते हैं। मॉडल टाउन से लेकर जगाधरी के मुख्य बाजारों तक स्थिति एक जैसी है।
मॉडल टाउन में सुविधा के सामने, नेहरू पार्क के सामने, मेला सिंह चौक, प्यारा चौक और गोविंदपुरी रोड पर नेहरू पार्क मोड़ के पास शाम को सबसे ज्यादा दबाव रहता है। डेरा संतपुरा के पास, जीएनजी कॉलेज के सामने और भगत सिंह चौक से मीरा बाजार तक वाहन कतारबद्ध दिखाई दिए। वर्कशॉप रोड पर रमेश फास्ट फूड और रेलवे स्टेशन रोड पर नगर निगम कार्यालय के सामने भी शुक्रवार शाम हालात बदतर नजर आए।
शाम के समय लोग बच्चों और परिवार के साथ खाने-पीने, खरीदारी और सैर-सपाटे के लिए निकलते हैं। लेकिन शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं। रामपुर कॉलोनी की मार्केट, पुराना रादौर रोड, जिला नागरिक अस्पताल के सामने और महावीर चौक पर यही नजारा देखने को मिला।
जगाधरी के खेड़ा बाजार, बर्तन बाजार, बूड़िया चौक, चूना भट्ठी चौक और आईटीआई चौक पर भी सड़कें संकरी हो गई हैं। बस स्टैंड यमुनानगर व जगाधरी के सामने तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क के दोनों ओर खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहन यातायात को आधा कर देते हैं। बाजार में आए राजीव, मोहित का कहना है कि पार्किंग न मिलने के कारण कई बार बाजार आने से कतराने लगे हैं। 10 मिनट की खरीदारी के लिए उन्हें आधा घंटा जाम में खड़ा रहना पड़ता है।
ट्रैफिक का दबाव और व्यवस्था खराब
शाम के समय दफ्तरों और फैक्ट्रियों से छुट्टी होने के कारण ट्रैफिक दबाव अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में अव्यवस्थित पार्किंग स्थिति को और बिगाड़ देती है। कई जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिखाई देते हैं, लेकिन स्थायी समाधान न होने से जाम की समस्या रोजाना सिर उठा रही है। शहरवासियों का कहना है कि यदि प्रमुख बाजारों के पास मल्टीलेवल या निर्धारित पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं और सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर सख्ती हो, तो राहत मिल सकती है। फिलहाल स्थिति यह है कि शाम के समय शहर की सड़कें अस्थायी पार्किंग में तब्दील हो जाती हैं।
शहर में नगर निगम की तरफ से कहीं पर भी जगह निर्धारित नहीं की गई है। लोग मजबूरी में सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। चौक के अलावा प्रमुख सड़कों पर होमगार्ड या पुलिसकर्मी तैनात है। - कुशलपाल राणा, एसएचओ थाना यातायात।
पेपर मिल के पास लगे जाम में फंसे वाहन चालक। संवाद
पेपर मिल के पास लगे जाम में फंसे वाहन चालक। संवाद