संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। धान गबन प्रकरण में गिरफ्तार राइस मिलर से एसआईटी दोबारा पूछताछ करना चाहती है। रिमांड पूरा होने के बाद दो दिन पहले ही मिलर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन अब पुलिस उन्हें फिर से पूछताछ के लिए जेल से बाहर लाने की तैयारी में है। इसके लिए एसआईटी की ओर से अदालत में अर्जी दायर की गई है, जिस पर सोमवार को फैसला होने की संभावना है।
पुलिस ने न्यायालय में लगाई अर्जी में कहा है कि आरोपी संदीप पर तीन एफआईआर दर्ज हैं। व्यासपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्राथमिकी में उनसे पूछताछ हो चुकी है, लेकिन अन्य मामलों में जांच आगे बढ़ाने के लिए उसका दोबारा रिमांड आवश्यक बताया गया है। मिलों में हुए धान गबन के कई बिंदुओं पर अभी स्पष्टता जानकारी नहीं मिल पाई है।
आरोपी से पूछताछ के माध्यम से धान की वास्तविक स्थिति से जुड़े तथ्यों को सामने लाने की कोशिश की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिले में धान गबन से जुड़े मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले के संबंध में कोई ठोस खुलासा नहीं किया है।
सीआईए-वन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि राइस मिलर संदीप से दोबारा पूछताछ करने के लिए अदालत में औपचारिक अर्जी लगा दी गई है। सोमवार को इस पर सुनवाई होने की उम्मीद है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।