यमुनानगर। जिले में 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में मात्र एक वोट डालने से मतदाता हजारों रुपये के इनाम जीत सकेंगे। यह मौका मतदाताओं को चुनाव आयोग की तरफ से दिया जा रहा है। इनाम की राशि जिताने में स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की भी अहम भूमिका रहेगी। इसके लिए राज्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बुधवार को सभी उपायुक्त तथा एआरओ के साथ लोकसभा आम चुनाव 2024 की तैयारी को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की।
वीसी के बाद डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार इस बार चुनाव का पर्व देश का गर्व थीम को लेकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में सभी स्कूली बच्चों को उनके माता-पिता तथा सगे संबंधियों की उंगली पर वोट डालने के बाद नीली स्याही लगी फिंगर के साथ फोटो अपलोड करने हैं। इसके लिए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाने वाले अध्यापकों को पोस्टर व पंफलेट दें। पोस्टर नोटिस बोर्ड पर लगेगा। पंफलेट पर सेल्फी अपलोड करने के बारे में जानकारी दी गई है। उस पर क्यूआर कोड होगा जिसको स्कैन करके वह अपने माता-पिता तथा सगे संबंधियों की वोट डालने के बाद फोटो अपलोड करेंगे। जिला में सबसे अधिक फोटो अपलोड करवाने वाले स्कूल को 25 हजार का अवार्ड दिया जाएगा। इसके अलावा भी जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर आने वाली सेल्फी पिक्चर पर विद्यार्थी को 10 हजार, 5 हजार तथा 2500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इनका चयन राज्य मुख्यालय स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 22, 23 व 24 मई को लोगों को मतदान के लिए आने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर से लगातार घोषणा करवाई जाएगी। इसके अलावा डीसी ने पोस्टल बैलेट प्रबंधन को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सर्विस वोटर, इलेक्शन ड्यूटी वोटर तथा अब्सेंटी वोटर के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मौके पर एडीसी आयुष सिन्हा, सीईओ पंकज सेतिया, जगाधरी एसडीएम सोनू राम, रादौर एसडीएम जय प्रकाश, बिलासपुर एसडीएम देवेंद्र शर्मा, छछरौली के एसडीएम राजेश पूनिया, सिटीएम पीयूष गुप्ता, डीईओ सुमन बहमनी, डिप्टी डीईओ शिव कुमार धीमान, चुनाव तहसीलदार गुलशन शर्मा मौजूद रहे।