संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक व भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में अमादलपुर गांव के सरपंच लवकेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर माफी मांगी है। इससे पहले मामले को लेकर समुदाय विशेष के लोगों ने बूड़िया थाना पहुंचकर रोष जताया था। इसके बाद बूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी सरपंच पर केस दर्ज किया था।
सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट में माफी मांगते हुए सरपंच ने कहा कि उसकी फेसबुक पर एक पोस्ट आई थी, जिसे उसने गलती से पोस्ट कर दिया था। इससे कुछ लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। इसके लिए मैं मुस्लिम समाज के सभी लोगों से माफी मांगता हूं। बता दें कि शुक्रवार को समुदाय विशेष के लोगों ने बूड़िया थाना पहुंचकर सरपंच लवकेश के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
अमादलपुर निवासी यूनुस ने बताया था कि गांव के सरपंच ने सोशल मीडिया पर समुदाय विशेष के पैगंबर के खिलाफ आपत्तिजनक व भड़काऊ पोस्ट डाली है। इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। सरपंच धार्मिक भावनाएं भड़काकर माहौल खराब करना चाहता है। थाना प्रभारी नरसिंह ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया था।