संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वार्ड नंबर-18 के मंडेबर से एनएच-344 का अंधेरा जल्द ही दूर होगा। वहीं माजरी कॉलोनी के लोगों को जलनिकासी की समस्या से निजात मिलेगी। इसके लिए नगर निगम की ओर से वार्ड में 82.68 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। महापौर सुमन बहमनी ने वीरवार को विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
महापौर सुमन बहमनी ने बताया कि वार्ड-18 में 60.14 लाख रुपये की लागत से मंडेबर से नेशनल हाईवे-344 और भूत माजरा तक स्ट्रीट लाइट व तिरंगा लाइट लगाई जाएंगी। इससे क्षेत्र में रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिलेगी व सड़क का सुंदरीकरण भी किया जाएगा। वहीं फर्कपुर क्षेत्र की नव नियमित माजरी कॉलोनी में 22.54 लाख रुपये से विभिन्न गलियों के निर्माण के साथ स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि माजरी कॉलोनी में बलदेव सिंह के घर से हरपाल के घर तक, अभिषेक वाली गली तथा भार्गव के घर से गुप्ता के घर तक गलियों का निर्माण होगा।
इसके साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन भी बिछाई जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्ट्रीट और तिरंगा लाइट लगने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इस दौरान पार्षद उज्ज्वल ठाकुर, सहायक अभियंता राजेश शर्मा, निगम जेई अरविंद कुमार, मनोनीत पार्षद उषा रानी, संदीप बालियान, भाजपा जिला महामंत्री अशोक शर्मा, मणिकांत शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।