संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सरस्वती विद्या मंदिर जगाधरी में मंगलवार को 640 पीठासीन व वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों की कार्यशाला में जिला परिषद सीईओ वीरेंद्र सिंह ढुल ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव के दिन मोक पोल कराने से लेकर मतदान संपन्न होने व ईवीएम जमा कराने तक की प्रक्रिया बारे विस्तार से जानकारी दी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश पीयूष गुप्ता ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पोलिंग बूथ पर मतदान को निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी पीठासीन व वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों की है। पोलिंग बूथ पहुंचते ही सभी तैयारियों को देखना होता है कि वहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं हैं या नहीं। यदि किसी प्रकार की कमी है तो उसके बारे में सूचना तुरंत प्रभाव से संबंधित टीम के नोडल अधिकारी या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसको पूरा कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की दिशा में पहला कदम स्वयं का निष्पक्ष होना जरूरी है। चुनाव में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव के दौरान कोई भी अधिकारी या कर्मचारी चुनावी ड्यूटी के अलावा किसी भी राजनीतिक गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकता। यदि वह ऐसा करता है कि उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की होगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने में नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भी अधिक बन जाती है। ऐसे में पीठासीन और वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों के साथ-साथ पोलिंग टीम में शामिल सभी सदस्यों का निष्पक्ष होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदान करवाने के दौरान ऐसा कोई कार्य या शब्दों का प्रयोग नहीं करना है, जिससे आपको किसी प्रत्याशी या राजनीतिक दल के पक्ष में होना प्रतीत हो।
उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए भाषा व शब्दों पर काबू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने पोलिंग बूथों पर प्रबुद्ध व गणमान्य लोगों से शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने की अपील करें। अपने साथ नियुक्त पुलिस अधिकारियों के साथ तालमेल बनाएं। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीन को सही ढंग से तैयार करना आना चाहिए।
इसके साथ ही ईवीएम में आने वाली तकनीकी खराबी के बारे में भी जानकारी होनी चाहिए ताकि उसे तुरंत प्रभाव इक्सपर्ट से दुरुस्त कराया जा सके। कार्यशाला के दौरान ईवीएम मास्टर ट्रेनर संजय पूरी, एनके यादव, राजीव शर्मा, सुनील पंजेटों के अलावा मास्टर ट्रेनर रघुवीर सिंह, इंद्रराज, सुरेंद्र कुमार,उ मेश खरबंदा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तार से समझाया। मौके पर चुनाव नायब तहसीलदार गुलशन शर्मा, पीओ बालकुंज दीपक कुमार मौजूद रहे।