संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर। ब्लॉक के कलावड़ गांव से मिल्क धनकोटा तक सड़क दोबारा टूटने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। इस सड़क को पीडब्ल्यूडी ने मार्च 2024 में बनाया गया था।
ग्रामीण राहुल, नरेश गर्ग, सुरेंद्र शर्मा, कुलवंत राणा, असगर ने बताया कि सड़क के निर्माण में अच्छी सामग्री नहीं लगाई गई। इस वजह से सड़क पहली बरसात भी सहन नहीं कर पाई थी और टूटना शुरू हो गई थी। यह मुद्दा ग्रामीणों द्वारा उठाने के पश्चात अक्टूबर में इस सड़क पर दोबारा पैचवर्क लगाए गए थे। लेकिन अब वह फिर दोबारा उखड़नी शुरू हो गई है।
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क को प्रशासन द्वारा सैंपल लेकर इसकी जांच करवानी चाहिए। उनका कहना है कि अगर जल्दी इस रोड का ठीक नहीं करवाया गया तो उन्हें मजबूरन न्यायालय का सहारा लेना पड़ेगा। राहुल, सतवंत सिंह, नरेश व हैप्पी ने बताया कि इस सड़क पर बाइक सांप की तरह चलानी पड़ती है जिससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। क्योंकि सड़क जगह-जगह से टूटी पड़ी है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई विजय कुमार का कहना है कि उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई। सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार को ही तीन साल तक सड़क की मरम्मत करनी होती है। अगर इस तरह कोई दिक्कत आई है तो ठीक कर दी जाएगी। अभी सर्दी की वजह से पैचवर्क शुरू नहीं हो सकता। फरवरी की अंत तक पेचवर्क शुरू हो जाएगा। इस संबंध में ठेकेदार को बोल दिया गया है।