यमुनानगर। तेजली खेल परिसर में आठ लेन का 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाने की योजना पांच साल से फाइलों में अटकी हुई है। खिलाड़ियों को लंबे समय से सिंथेटिक ट्रैक मिलने का इंतजार है, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। खास बात यह है कि ट्रैक निर्माण के लिए करीब 7.87 करोड़ रुपये का बजट भी जारी हुआ था। कई साल तक यह राशि खेल विभाग के खाते में पड़ी रही, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो सका। बाद में बजट की राशि वापस चली गई।
अब सिंथेटिक ट्रैक के काम को सीएम अनाउंसमेंट में ट्रांसफर कर दिया गया है। ऐसे में इस घोषणा को कब तक अमलीजामा पहनाया जाएगा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। खिलाड़ियों का कहना है कि ट्रैक का निर्माण होने से एथलेटिक्स की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सकती है। वहीं, खेल परिसर में पहले की गई घोषणाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। वर्ष 2023 में तेजली खेल स्टेडियम के लिए सीएम अनाउंसमेंट की गई थी, लेकिन अभी तक उसके तहत भी कोई काम शुरू नहीं हो सका है।
सामान्य मैदान पर दौड़ लगाने को मजबूर खिलाड़ी:
फिलहाल तेजली खेल परिसर में एथलेटिक्स का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को घास वाले सामान्य मैदान पर ही दौड़ लगानी पड़ रही है। सिंथेटिक ट्रैक नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी का सामना करना पड़ता है। असमतल मैदान पर दौड़ने के दौरान चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। कई बार खिलाड़ी चोटिल हो भी चुके हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास के साथ उपयुक्त ट्रैक भी जरूरी है।
पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से आगे बढ़ने में परेशानी:
खिलाड़ी मनप्रीत, सचिन और रोहित ने बताया कि तेजली खेल परिसर में लंबे समय से सिंथेटिक ट्रैक की जरूरत महसूस की जा रही है। खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि बजट मिलने के बाद जल्द ही निर्माण शुरू हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब योजना को सीएम अनाउंसमेंट में शामिल किए जाने के बाद एक बार फिर उम्मीद जगी है। खिलाड़ियों का कहना है कि यदि जल्द ट्रैक बन जाए तो उन्हें अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। खिलाड़ियों के अनुसार पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में यहां अभ्यास करने वाले कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। उनका कहना है कि राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को मानकों के अनुरूप अभ्यास सुविधा मिलना जरूरी है।
वर्जन:
सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक को अब सीएम अनाउंसमेंट के तहत ही बनाया जाएगा। इसके लिए मुख्यालय स्तर पर एस्टीमेट, ड्राइंग आदि तैयार करने की प्रकिया चल रही है। जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
- शिल्पा गुप्ता, जिला खेल अधिकारी, यमुनानगर।