यमुनानगर। साइबर थाना पुलिस टीम ने पुराना हमीदा निवासी धीरज कुमार से साइबर ठगी करने के आरोपी राजस्थान के जिला अलवर के गांव रायपुरा निवासी 18 वर्षीय मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने खुद को आर्मी में बताकर ओएलएक्स पर कैमरा बेचने का झांसा दिया था। बाद में उससे गूगल-पे के माध्यम से 43200 रुपये ठग लिए। इस संबंध में साइबर थाना में केस दर्ज हुआ था।
आरोपी मुस्तकीम को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
साइबर थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि पुराना हमीदा के धीरज कुमार ने शिकायत दी थी कि उसने ओएलएक्स पर कैमरे का विज्ञापन देखा था। इस पर दिए नंबर पर उसने फोन किया तो बात करने वाले ने खुद को आर्मी से बताया था। कैमरे का सौदा 43 हजार रुपये में तय हुआ तो उसने आरोपी से मिलने को कहा। जिस पर आरोपी ने कहा कि वह अभी ड्यूटी पर है। इसलिए मिल नहीं सकता। वह कैमरा पार्सल कर देगा। इसके लिए पहले उसने एक हजार रुपये पार्सल की फीस अपने खाते में जमा कराई। फिर 2100 रुपये खाते में जमा कराए। इसके बाद वह आरोपी के चक्कर में फंस गया था। इस तरह उससे 43 हजार 200 रुपये ले लिए। बाद में आरोपी का नंबर बंद आने लगा। दूसरा नंबर भी बंद मिला। साइबर थाना की टीम ने जांच शुरू की और आरोपी के खाता नंबर के जरिये उसका पता जुटाया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुस्तकीम को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।