संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। क्रीड़ा भारती की ओर से देशभर में मेजर ध्यानचंद खेल पखवाड़ा 14 सितंबर तक मनाया जा रहा। इसी कड़ी में रविवार को सेक्टर-17 स्थित जिमखाना क्लब में लॉन टेनिस टूर्नामेंट करवाया गया। राजिंद्र और फुलजीत की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर टूर्नामेंट जीत लिया।
टूर्नामेंट युगल टीमों के बीच करवाया गया। टूर्नामेंट 30 से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए भाग लेकर अपनी खेल तकनीक का प्रदर्शन किया। फाइनल मैच में राजिंद्र गुप्ता व फुलजीत सिंह की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस जोड़ी ने अक्षय गुप्ता व विशाल गर्ग की जोड़ी को 6-3 से पराजित किया।
मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन सर्विस, रिटर्न और कोर्ट कवरेज का प्रदर्शन किया। क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष सुमित गुप्ता ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल कौशल से पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। उनके जीवन और उपलब्धियों से प्रेरणा लेते हुए हमें खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग, हॉकी, फेंसिंग, कुश्ती, कराटे, योग, वॉलीबॉल, फुटबॉल और लॉन टेनिस व अन्य खेलों से हम समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। खेलों में भाग लेने के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। नियमित खेल गतिविधियां व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाती हैं। इस दौरान क्रीड़ा भारती कार्यकारिणी सदस्य संजीव नागरा, नितिन वालिया, टेनिस खिलाड़ी कमल मोहन, अभिषेक गाखड़, हरप्रीत सिंह शंटी सहित अन्य उपस्थित रहे।