संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। गांव देवधर में रविवार को एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर दीवार तोड़ते हुए गेहूं के खेत में जा गिरी। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, गनीमत रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया। गांव में यह हादसा चर्चा का विषय बना रहा।
गांव के पूर्व सरपंच ओमकार देवधर ने बताया कि परिवार का 22 वर्षीय युवक स्कॉर्पियो गाड़ी के पीछे खड़े एक ट्रैक्टर को निकालने में मदद कर रहा था। इसके लिए वह कार को कुछ दूरी तक आगे-पीछे कर रहा था। इसी दौरान उसके पैर से ब्रेक की बजाय अचानक एक्सेलरेटर (रेस) पर चला गया, जिससे कार की गति बढ़ गई और चालक का नियंत्रण खो गया।
अनियंत्रित गाड़ी सामने बनी एक पक्की दीवार से जा टकराई और उसे तोड़ते हुए खेतों में जा गिरी। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कार खेत में धंस गई। टक्कर के बाद कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने युवक को बाहर निकाला।
ओमकार ने बताया कि यह पूरी तरह तकनीकी गलती थी और युवक का इरादा कार को केवल कुछ फीट आगे लाने का था, लेकिन जैसे ही रेस दब गई, वाहन अनियंत्रित हो गया। कार खेत से बाहर निकालने के लिए बाद में ट्रैक्टरों की मदद ली गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। वहीं हादसे से सहमे परिजन युवक के सुरक्षित होने से राहत महसूस कर रहे हैं।