संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सुरक्षाकर्मी अनिल कुमार (42) की हत्या के मामले में रिमांड पर चल रहे आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक की बाइक, कपड़े और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। वहीं, इस जघन्य हत्याकांड में शामिल चौथे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
उल्लेखनीय है कि 25 दिसंबर को पंचकूला-कलानौर हाईवे से करीब 150 मीटर दूर सुढैल रोड पर राक्षी नदी के पुल के पास महमूदपुर निवासी अनिल कुमार का शव बरामद हुआ था। शव पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे, जिससे हत्या की पुष्टि हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए की टीमों को जांच में लगाया गया। तफ्तीश के दौरान सामने आया कि अनिल कुमार जगाधरी के खेड़ी रांगडान क्षेत्र स्थित एक आवासीय कॉलोनी फ्लावर वैली में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत था। वहीं, उसी कंपनी में छछरौली क्षेत्र के गांव काजल माजरा निवासी रवि कुमार भी गार्ड की नौकरी करता था। जांच में पता चला कि रवि के खिलाफ अनिल ने शिकायत की थी, जिससे वह उससे रंजिश रखने लगा।
इसी रंजिश के चलते रवि ने अपने दोस्तों वंश, सन्नी और एक अन्य के साथ मिलकर साजिश रची। पुलिस के अनुसार 23 दिसंबर की रात सभी आरोपितों ने मिलकर अनिल की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को उसकी ही बाइक पर रखकर सुढैल गांव में राक्षी नदी के पुल के नीचे फेंक दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। चौथे आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उसकी तलाश की जा रही है।