साढौरा। गोहानपुर मोहल्ला में शीतला माता मंदिर से श्मशान घाट की तरफ जाने वाली गली व नालियों को नगरपालिका के ठेकेदार ने नौ माह पहले उखाड़ दिया था।
इस गली व नालियों को उखड़ाने के बाद से ठेकेदार ने इन्हें बनाने की सुध नहीं ली है। जिसकी वजह से मोहल्लावासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गली में बारिश के दिनों में पैदल तक निकलना मुश्किल हो जाता है।
बलराम सैनी, सतपाल व बलबीर ने बताया कि वार्ड आठ से पार्षद एवं वाइस चेयरमैन देवेंद्र सैनी उर्फ लवली ने चुनाव के दौरान कच्ची गलियों व नालियों को पक्का करवाने का वादा किया था। पार्षद का आधे से अधिक का कार्यकाल बीत चुका है। लेकिन समस्याओं का कोई समाधान नही हो पाया। मोहल्लावासियों का आरोप है कि चुनाव के समय किए गए किसी भी वादे को पार्षद पूरा नहीं कर पाया है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। इस मोहल्ले की कच्ची गलियां व टूटी नालियों के अलावा हर तरफ गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। पानी की उचित निकासी न होने के कारण गंदा पानी किसानों की फसलों को खराब कर रहा है। गली में जमा कीचड़ व टूटी नालियों से कीड़े निकल रहे है। सफाई न होने के अभाव में गली के दोनों तरफ घास व झाडियां उगी हैं।
सुरेश, संजू व सुरेंद्र ने बताया कि इस मोहल्ले के अलावा दूसरे वार्डों के लोग भी इस गली से होकर श्मशान घाट में शव को लेकर दाह संस्कार करने के अलावा अन्य रस्मों के लिए जाते है। गली व नालियों के टूटी होने के कारण बरसात के मौसम में पानी की उचित व्यवस्था न होने के कारण कई बार तो लोगों को शव को श्मशान घाट तक पहुंचाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
आरोप है कि इस वार्ड के पार्षद द्वारा इस टूटी गली व नालियों को पक्का बनाने के अलावा सफाई व्यवस्था पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा। संवाद