संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर में लगे अवैध होर्डिंग व बोर्ड पर नगर निगम की कार्रवाई पक्षपात पूर्ण तरीके से हो रही है। नगर निगम का बोर्ड इत्यादि हटाने का अभियान केवल व्यापारियों, दुकानों व संस्थाओं तक समिति रहता है। परंतु राजनीतिक दलों के बोर्ड व होर्डिंग नहीं हटाए जाते हैं। शहर के तमाम मुख्य चौराहे और सड़कें नेताओं के प्रचार-प्रसार की गवाह हैं। नगर निगम की यह पक्षपात पूर्ण कार्रवाई लोगों को प्रश्न उठाने पर मजबूर करती है।
शहर के तमाम मुख्य चौक चौराहों पर राजनीतिक दलों के होर्डिंग व बोर्ड लगे हुए हैं। परंतु नगर निगम की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। विधायक, मंत्री के अलावा पार्टी के नेता व पदाधिकारी भी अपने बोर्ड व होर्डिंग शहर में लगवाते रहते हैं। यही नहीं विशेष मौकों पर इसकी भरमार हो जाती है। त्योहारों व विशेष दिवस पर शहरी ही नहीं बल्कि ग्रामीण नेता भी शहर के खंभों, पेड़ों, ट्रैफिक लाइट पोल इत्यादि पर बोर्ड लगाते हैं। यह काम अकसर रात को किया जाता है। चूंकि रात को सड़कों पर लोगों की उपस्थिति कम होती है और कार्रवाई करने वाले अधिकारी कार्यालय से घर चले जाते हैं। अब नव वर्ष की बधाइयों व शुभकामनाओं के बोर्ड शहर में नजर आने लगे हैं।
शहर के पॉश क्षेत्र सेक्टर-17, 18, 15, मॉडल टाउन, प्रोफेसर कॉलोनी, गोबिंदपुरी रोड, शहीद भगत सिंह, पेपर मिल गेट वर्कशॉप रोड, पेपर मिल गेट रेलवे स्टेशन रोड, रेलवे स्टेशन चौक, पुराना रादौर रोड, रेस्ट हाउस रोड, महाराणा प्रताप चौक, बस स्टैंड यमुनानगर व जगाधरी चौक, महाराजा अग्रसेन चौक जगाधरी, बूड़िया चुंगी चौक नेताओं के होर्डिंग व बोर्ड सामान्य रूप से देखे जा सकते हैं। यही नहीं नगर निगम के पास भी नेताओं के बोर्ड लगे देखे जा सकते हैं।
नगर निगम की कार्रवाई केवल दुकानों, व्यापारियों के बोर्ड पर होती है। इस दौरान जब नेताओं के बोर्ड नहीं उतारे जाते हैं तो लोगों का मनोबल बढ़ता है और फिर से अपने बोर्ड लगा देते हैं। इस बारे नगर निगम के कर्मचारियों का कहना है कि नेताओं के बोर्ड उतारने पर कई बार विरोध का सामना करना पड़ता है। इसलिए वे यह उतारने से बचते हैं। यदि हवा से बोर्ड फट या लटक जाता है वह उतारने में उन्हें ज्यादा आसानी होती है।
शहर में अवैध रूप से लगे बोर्ड व होर्डिंग हटाने के लिए नगर निगम की ओर से अभियान छेड़ा जाता है। इसके तहत सभी स्थानों से बोर्ड हटाए जाते हैं। बिना अनुमति लगे तमाम बोर्ड उतार लिए जाते हैं। कार्रवाई भी की जाती है। जल्द बड़ा अभियान चलाया जाएगा। - महावीर प्रसाद, आयुक्त नगर निगम।
सेक्टर-17 में लगा राजनीतिक पार्टी का अवैध हॉर्डिग। संवाद- फोटो : गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट भवन।
सेक्टर-17 में लगा राजनीतिक पार्टी का अवैध हॉर्डिग। संवाद- फोटो : गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट भवन।