साढौरा। तोरांवाला तालाब के किनारों पर सैर करने के लिए नगर पालिका की ओर से तटबंध बनाने के अलावा लाइट का भी प्रबंध किया गया है। लेकिन इन दिनों इस तटबंध पर सरपट दौड़ रहे वाहनों से यहां सैर करने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। सैर करने वालों ने इन वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है। नवतेज सिंह बैंस, शिवदेव वर्मा व नौशहरा के फौजी नसीब सिंह ने बताया कि सैर के लिए बनाए गए तालाब के तटबंधों पर वाहनों की अवैध आवाजाही एक गंभीर समस्या है, जो न केवल घूमने आने वाले लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालती है, बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाती है। प्रशासन की लापरवाही के कारण तालाब के सौंदर्यीकरण के बजाय उस पर वाहन पार्किंग बना दिया गया है। कई दोपहिया वाहन चालक तो यहां स्टंट करने से भी बाज नहीं आते हैं, जिसकी वजह से सैर करने वालों को परेशानी होती है। संवाद