संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर/छछरौली। चंडीगढ़ से खनन विभाग की टीम ने लाक्कड़ और असगरपुर पहुंच कर स्क्रीनिंग प्लांटों पर पड़े क्रशिंग स्टॉक की जांच की। चंडीगढ़ हेडक्वार्टर से आई टीम पहले लाक्कड़ में श्रीराम स्क्रीनिंग प्लांट, भारत स्क्रीनिंग प्लांट और शिव एंटरप्राइजेज पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने दो दिन पहले आई सीएम फ्लाइंग टीम द्वारा जांच किए गए क्रशिंग माल की जांच की। इसके बाद टीम असगरपुर में स्थित युवराज स्क्रीन प्लांट और श्री राम स्क्रीनिंग प्लांट पर जांच करने के लिए पहुंचे।
लाक्कड़ गांव में स्थित स्क्रीनिंग प्लांट के संचालकों ने सीएम फ्लाइंग की टीम पर आरोप लगाते हुए बताया कि दो दिन पहले सीएम फ्लाइंग की टीम लाक्कड़ में पहुंची थी। जहां पर उन्होंने सात स्क्रीन प्लांटों पर क्रशिंग माल की जांच की थी लेकिन पैमाइश और जुर्माने की कार्रवाई सिर्फ तीन प्लाटों पर ही की गई।
लक्कड़ में अन्य स्क्रीन प्लांटों के पोर्टल बंद होने के चलते उन पर किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहां पर स्थित प्लांटों पर भी ताजा क्रशिंग माल मौजूद था। वहीं, क्रशर संचालकों ने सीएम फ्लाइंग की टीम पर रिश्वत मांगने के भी आरोप लगाए थे । स्क्रीन संचालकों ने बताया कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है कि यदि टीम के खिलाफ कुछ बोला तो अन्य विभागों से भी उनके ऊपर कार्रवाई करवा देंगे।
चंडीगढ़ से आई खनन विभाग की टीम ने लाक्कड़ और असगरपुर में स्थित स्क्रीनिंग प्लांट पर पड़ी बजरी और कोरसेंट की पैमाइश की। खनन विभाग हेड क्वार्टर चंडीगढ़ के माइनिंग अफसर ओमदत्त शर्मा ने बताया कि विभाग के आदेश अनुसार उनकी टीम द्वारा लक्कड़ में श्री राम स्क्रीनिंग प्लांट, भारत स्क्रीनिंग प्लांट, शिव शक्ति एंटरप्राइजेज और असगरपुर में श्री राम स्क्रीनिंग प्लांट और युवराज सिंह स्क्रीनिंग प्लांट पर पड़े क्रशिंग माल की पैमाइश की गई जिसकी रिपोर्ट बनाकर विभाग के उच्च अधिकारियों के पास भेज दी जाएगी।