गांव रणजीतपुर में गेस्ट टीचर दंपती के बीच हुए विवाद के बाद महिला ने अपने मायके वालों को बुला लिया। इसके बाद महिला के दो भाइयों व मां ने मिलकर उसके पति, सास और ससुर पर डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में महिला का पति, सास व ससुर घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत पर महिला के दोनों भाइयों व मां के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रणजीतपुर निवासी साजिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रानीपुर कलां स्थित सरकारी स्कूल में गेस्ट टीचर है। उसकी शादी 17 साल पहले साढ़ौरा क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी रिजवाना से हुई थी। उसकी पत्नी रिजवाना भी अहड़वाला स्थित सरकारी स्कूल में गेस्ट टीचर है। आरोप है कि उसकी पत्नी की उससे अनबन चल रही है। क्योंकि वह उसके व उसके माता पिता से गाली गलौच व मारपीट करती है। तीन जुलाई की रात करीब नौ बजे वह मस्जिद से नमाज अदा करके अपने घर गया। जब वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी रिजवाना ने घर के दरवाजे बंद कर दिए और उसके माता पिता से गाली गलौज करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने उसके माता पिता से मारपीट भी की। रोकने पर वह घर से बाहर आ गई और अपने मायके वालों को फोन कर दिया। कुछ देर बाद उसकी पत्नी का भाई बहादुर अली, परवेज व मां कुलसैदा कार वहां पहुंचे और डंडों से उस पर और उसके माता-पिता पर हमला कर घायल कर दिया। डंडा लगने से उसकी मां फातिमा की दाहिनी बाजू व पिता रसीद मोहम्मद के सिर छाती व उसे गंभीर चोटें आई। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर कार में सवार होकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे, उसकी मां व पिता को उपचार दिया गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। बिलासपुर पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई सतीश का कहना है कि मामले में रिजवाना के भाई परवेज व बहादुर अली और मां कुलसैदा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।