अग्रसेन चौक पर दोपहर के समय गुजरते वाहन चालक। संवाद
जगाधरी। बारिश के बाद सोमवार को सूरज ने अपनी तपिश का अहसास करवाया और अन्यों दिनों की अपेक्षा काफी गर्मी रही। दोपहर में धूप तेज होने के साथ गर्मी बढ़ी तो लोगों ने बचने के लिए पेड़ों की छांव का सहारा लिया। वहीं, विभाग ने इस सप्ताह तापमान के साथ गर्मी बढ़ने का पूर्वानुमान दिया है। हालांकि अभी तीन दिन बादल छाए रहेंगे लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
जानकारी के अनुसार अप्रैल के दूसरे सप्ताह का पहला दिन काफी गर्म रहा। सुबह ही तेज धूप ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दिन के साथ सूरज का ताप और पारा भी चढ़ता गया। तेज धूप और तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ गई। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पिछले सप्ताह की तुलना में तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखने को मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ करीब 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। हवा ने गर्मी से कुछ राहत तो पहुंचाई, लेकिन गर्मी अधिक होने के कारण दोपहर में लोगों के पसीने छूट गए। ऐसे में दोपहर को शहर की मुख्य सड़कें व मार्ग सुनसान नजर आए। गर्मी से बचने के लिए दोपहर में लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशान स्कूल-कॉलेज से घर लौटने वाले विद्यार्थियों को हुई। वहीं, दिन ढलने के बाद राहत मिली और बाजारों में लोगों की भीड़ देखने को मिली। वहीं, मौसम साफ होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। चूंकि इससे गेहूं कटाई में तेजी आएगी। संवाद