साढौरा अनाज मंडी में गेहूं खरीद का जायजा लेने पहुंचे पूर्व विधायक व अन्य। स्वयं
साढौरा। पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने मंगलवार को अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने गेहूं की खरीद और उठान प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए। मंडी पहुंचने पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन नवीन भसीन व सचिव संदीप ने उनका स्वागत किया। बलवंत सिंह ने मंडी का दौरा करके वहां मौजूद किसानों व आढ़तियों से बातचीत की। कहा कि सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करती है और उनकी फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा। खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल की खरीद के साथ-साथ उसका उठान और किसानों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को हिदायत दी कि मंडियों में रखी फसल को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल और अन्य सुरक्षा उपकरणों के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। सभी खरीद एजेंसियां आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करें ताकि मंडी में गेहूं की आवक बढ़ने पर जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने। मंडी में जगह की कमी न हो, इसके लिए गोदामों तक फसल पहुंचाने की प्रक्रिया को और तेज किया जाए। इस अवसर पर नगरपालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन नैब सैनी व पार्षद चमन लाल सैनी भी मौजूद रहे।