संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सर्दी अपने यौवन पर पहुंच गई है। शनिवार को अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा ठंड रही है। इससे सुबह शाम लोगों की कंपकंपी छूटती रही। दिन भर सूरज व बादलों की आंखमिचौली चलती रही। धूप न होने व बर्फीली हवा के कारण तापमान में कमी आई। मौसम विभाग ने दो दिन मौसम ऐसे ही परिवर्तनशील बने रहने की संभावना जताई है।
शनिवार सुबह से दोपहर एक बजे तक आसमान पर बादल छाए रहे। धूप न होने के कारण सर्दी ज्यादा रही। दोपहर एक बजे के बाद कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ और धूप निकली। इससे लोगों को काफी राहत मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही। दोपहर तीन बजे फिर बादल छाने लगे और सूरज बादलों में छिपा रहा। धूप न निकलने से तापमान में कमी दर्ज की गई।
इस दौरान अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, इस दौरान 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली बर्फीली हवा ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। सर्दी का असर ऐसा रहा कि दिन ढलने के बाद ही बाजार में सन्नाटा पसरने लगा था। रात नौ बजे तक शहर के अधिकांश बाजार वीरान नजर आने लगे।
मौसम विभाग के अनुसार दो दिन मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। परंतु न्यूनतम तापमान ऐसे ही बना रहेगा। ऐसे में सुबह व रात को ज्यादा ठंड रहेगी। वहीं, पूरा दिन धूप खिलने का पूर्वानुमान है। बता दें कि सर्दी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शीतलहर के कारण सुबह शाम हाथ पांव सुन होने लगे हैं। वहीं धुंध के कारण भी लोगों को परेशानी हो रही है।