यमुनानगर। मिल्क माजरा टोल प्लाजा के पास ट्रक में चोरी करने के इरादे से घुसे जिला सहारनपुर के घंघौड़ हुसैनपुर गांव निवासी 23 वर्षीय अरशद की मौत मामले में बुधवार को नया मोड़ आ गया। परिजनों ने न केवल अरशद का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया बल्कि थाना छप्पर के एसएचओ रामपाल पर रुपये लेकर मुख्य आरोपी को बदलने का आरोप भी लगाया। परिजनों ने कहा कि जिस व्यक्ति ने अरशद को रस्सी में बांधने के बाद उन्हें वीडियो कॉल की थी उसे पुलिस ने पकड़ा ही नहीं। पुलिस ने उसकी जगह किसी दूसरे ड्राइवर को दिखा दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग के लिए काफी हंगामा किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी राजेश कुमार ने मुख्य आरोपी को बदलने के परिजनों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार हो गए।
मृतक के बड़े भाई मोमीन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई अरशद राज मिस्त्री का काम करता था। करीब छह माह से वह जिला अंबाला के मौली में कोठी बनाकर रह रहा था। वह भी मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को अरशद काम से मजदूरी के रुपये लेकर घर जा रहा था। मोमीन ने बताया कि बुधवार सुबह एक ट्रक चालक ने उसके पास मोबाइल पर वीडियो कॉल करके कहा था कि उसका भाई अरशद ट्रक में चोरी करते हुए पकडा है। उन्होंने अरशद को रस्सी से बांध रखा था। थोड़ी देर बाद वह मौके पर पहुंचे तो उन्हें अरशद मृत मिला। मोमीन पुलिस को बताया कि उसका भाई रुपये लेकर घर लौट रहा था। ऐसे में वह चोरी क्यों करेगा। वहीं जिस ट्रक ड्राइवर ने उसे वीडियो कॉल की थी उसने अपना नाम सुरेंद्र कुमार यादव बताया था। वह उसे पहचानते हैं। वहीं पुलिस ने जिसे पकड़ा है वह कोई दूसरा ड्राइवर है। परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने ट्रक मालिक से मिलकर बिहार निवासी किसी दूसरे ड्राइवर को हिरासत में दिखाया है। वह उसकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
जल्द गिरफ्तार किया जाएगा: राजेश कुमार
परिजनों की ओर से हंगामा किए जाने की सूचना पर डीएसपी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों से बात की। उन्होंने परिजनों से कहा कि हो सकता है कि इस मामले में ड्राइवर समेत दो से तीन लोग शामिल हों। जिस ड्राइवर को पुलिस ने पकड़ा है उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने किसी भी ड्राइवर को नहीं बदला है। यह आरोप बेबुनियाद हैं।
-
पुलिस ने एसपीओ की शिकायत पर दर्ज किया केस
पुलिस ने इस मामले में थाना छप्पर के एसपीओ परमदूमन की शिकायत पर ड्राइवर सुरेंद्र यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। परमदूमन ने शिकायत में कहा कि वह मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर ड्यूटी पर तैनात था। 16 जुलाई की सुबह छह बजे टोल प्लाजा के स्वीपर ने उसे सूचना दी थी कि एक व्यक्ति जो चोरी की नीयत से ट्रक में घुसा था उसे ड्राइवर ने रस्सी से बांध कर रखा हुआ है। ड्राइवर उसके साथ मारपीट कर रहा है। वह मौके पर पहुंचा तो ड्राइवर ने अपना नाम उत्तर प्रदेश के जिला कासगंज के बडवारी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार यादव बताया। उसने एक लड़के को रस्सी से बांध रखा था। जिसके हाथ उसने खुलवाए। इसकी सूचना उसने थाना छप्पर में भी दी। जिस युवक को बांधा हुआ था उसके शरीर पर चोट के भी निशान थे। राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल ले जाने लगे तो वह हिल ढुल नहीं रहा था। उस लड़के की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सुरेंद्र यादव पर केस दर्ज कर लिया।