संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कोरोना महामारी अभी थमी नहीं है। वहीं लोगों ने पहली सी लापरवाही बरतना शुरू कर दी है। बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जिससे कोरोना नियमावली की धज्जियां तो उड़ ही रही हैं, वहीं अव्यवस्था भी फैल रही है।शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए बनाई गई दुकानदारों की कमेटियां भी नाकाम साबित हो रही हैं। लोग न तो शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं और न ही मास्क लगाना जरूरी समझ रहे हैं। बाजारों में कोरोना नियमावली का पालन करने वाले के लिए बनाई गई कमेटियां व टीम कहीं दिखाई नहीं दे रही हैं।
जिले में कोरोना के केस कम अवश्य ही हुए हैं, लेकिन संक्रमण पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में एतियात अधिक बरतने की जरूरत है। चूंकि तीसरी लहर का खतरा बरकरार है। बाजार के साथ माल व रेस्त्रां तो पहले ही खुल चुके हैं। अब सरकार जिम और सिनेमा हाल भी खोलने पर विचार कर रही है। ऐसे में भीड़ और बढ़ेगी। भीड़ इतना खतरनाक साबित नहीं होगी, जितनी लापरवाही होगी। जो लोगों के साथ पूरे जिले व प्रदेश के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण लोग बाजार में सैर सपाटा करने निकले। खरीददारी से वालों से ज्याद घूमने वाले नजर आए। यही इतना नहीं सब्जी लेने पूरा परिवार बाजार चला आ रहा है। ऐसी लापरवाही सभी के लिए घातक साबित हो सकती है। सब्जी मंडी हो या कपड़ा बाजार, छोटी लाइन हो या रेलवे बाजार हर तरफ लोगों की जमघट लगा हुआ है। इस दौरान लोग परिवार के साथ दिखाई दिए। परिवार के बड़े लोगों तो दूर उन्होंने बच्चों के मास्क न लगाने पर भी एतराज नहीं है।
इस बारे शहर वासी कृष्ण लाल से मास्क न लगाने की वजह पूछी तो पहले वह हंसने लगे फिर बोले उनके पूरे परिवार ने वैक्सीन ले ली है। अपनी लापरवाही छिपाने के लिए लोगों ने कई तरह के बहाने बनाए। बाजार में व्यवस्था बनाने के लिए बनाई गई टीम अब कहीं दिखाई नहीं देती है। इसके लिए पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम की ओर से एक दर्जन से ज्यादा टीमें बनाई गई हैं, लेकिन बाजार में अब यह दिखाई नहीं देती हैं। हालांकि नगर निगम कमिश्नर धर्मवीर सिंह ने कहा कि इसके लिए जागरूकता अभियान चलाएंगे और कानूनी भी कार्रवाई करेंगे।
जिले में रविवार को मिला एक संक्रमित
जिले में रविवार का दिन भी राहत भरा रहा। इस दिन केवल एक ही कोरोना संक्रमित मिला है। वहीं चार स्वस्थ हुए हैं। अब जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या घटकर 32 रह गई है।डीसी गिरीश अरोड़ा ने लोगों से ोरोना नियमावली का पालन करने की अपील की है। डीसी ने कहा कि लापरवाही अपने साथ परिवार व जिले के लिए भी घातक साबित हो सकती है। संक्रमण की रफ्तार भले ही बहुत धीमी हो गई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी बनती है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बने नियमों का पालन करें। वहीं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।