जठलाना। यमुनानदी के नगली घाट निर्माणाधीन ओवरब्रिज के तटबंध वीरवार शाम क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे ग्रामीणों की चिंताए बढ़ गई है। ग्रामीणों ने तटबंध व पुल निर्माण में लगाई गई सामग्री की जांच करवाने की मांग की है। गांव गुमथला निवासी अधिवक्ता वरयाम सिंह ने कहा कि इससे पहले भी पुल के साथ बनाए तटबंध क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ऐसे में निर्माणाधीन पुल की सुरक्षा पर भी प्रश्न उठ रहा है। उन्होंने कहा कि पुल के पास लंबे समय से नियमों को ताक पर रखकर अवैध खनन किया जा रहा है। जिसे लेकर वे कई बार प्रशासन को इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसे गंभीरता से न लेने के कारण यह परिणाम देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण क्षेत्र पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। अधिवक्ता वरयाम सिंह ने मामले की गहन जांच करने की मांग की है।