संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शास्त्री कॉलोनी कम्यूनिटी सेंटर में शनिवार को सेंट्रल बैंक रिटायर्ड एसोसिएशन की मासिक बैठक हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसबीआई ऑफिसर्स एसो. चंडीगढ़ जोन के प्रधान एसके फूल ने की व संचालन सचिव सुरेश गर्ग ने किया। इस दौरान सेवानिवृत कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए मांगें पूरी न होने पर रोष प्रकट किया।
मुख्य अतिथि प्रधान जेएस पंवार व विनोद शर्मा व सुनील फूल ने कहा कि सरकारी बैंकों से सेवानिवृत कर्मचारी व अधिकारी बेहद बदतर हालात से गुजर रहे हैं, लेकिन सरकार लाखों पेंशनरों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रही। इसी बात को लेकर बार-बार धरने-प्रदर्शन किए जा रहे हैं, किंतु सरकार है कि बात सुनने को तैयार ही नहीं हो रही है। बैंक से रिटायर्ड कर्मचारी केवल बैंक से मिलने वाली पेंशन पर ही निर्भर हैं।
वह अपना जीवन यापन सही प्रकार से कर सके इसके लिए सरकार को जल्द से जल्द मांगे पूरी कर देनी चाहिए, क्योंकि तेजी से बढ़ती महंगाई के कारण जीवन यापन मुश्किल होता जा रहा है। बैंक कर्मचारियों के पेंशन फंड का गठन 1995 में किया गया था, लेकिन उसके पश्चात से अभी तक कोई संशोधन नहीं किया गया। लंबे समय के बाद भी बैंक कर्मचारियों की पेंशन की योजना में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस अवसर पर भोपाल सिंह, एके शर्मा, शिवलाल खुराना, एसके बाली, एमएल धीमान, सुभाष दुग्गल, एसपी कश्यप, हंसराज, अजित कुमार, सुरजीत लाल, धर्मचंद, रत्नलाल, रेनू शर्मा, एमके शर्मा उपस्थित रहे।