संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में कन्हैया साहब चौक से सीआईए एक की टीम की ओर से पकड़ी गई 300 पेटी देसी शराब के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में पकड़े गए चालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसे यह शराब कहां लेकर जानी थी. इस बारे में उसे नहीं बताया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीआईए इंचार्ज यादविंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि जगाधरी से यमुनानगर कमानी चौक की ओर एक अशोका लीलैंड गाड़ी में शराब ले जाई जाएगी। इस पर टीम का गठन किया गया। टीम ने कन्हैया साहिब चौक पर जाकर नाकाबंदी कर वाहनों की जान शुरू कर दी। सूचना के मुताबिक टीम ने गाड़ी की जांच की तो देसी शराब की 300 पेटी बरामद हुई। मौके पर एक्साइज विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया।
चालक से कागजात मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका और जो कागज दिखाए गए वह सही नहीं थे। चालक ने पूछताछ में बताया कि उसे यह शराब कहां लेकर जानी थी इस बारे में उसे नहीं बताया गया था। फिलहाल पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चुनाव के दिनों में 300 पेटी देसी शराब पकड़ी जाना कई सवाल खड़े करता है। गौरतलब है कि यमुनानगर की सीमाएं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल से लगती हैं।
छह अप्रैल को ही पुलिस ने जिले में सात विभिन्न स्थानों सेअंग्रेजी शराब की 98 बोतल व 194 पव्वे बरामद किए थे। सात आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था। पांच अप्रैल को पांच जगहों से पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की 75 पेटी, देसी शराब की 101 बोतल व 55 पेटी बीयर बरामद कर पांच आरोपी गिरफ्तार किए थे। चार अप्रैल को देशी शराब की 131 बोतल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। स्पेशल सेल की टीम ने एक कार से 108 बोतल व पुलिस चौकी बूड़िया गेट ने 23 बोतल बरामद की थी।