संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली(यमुनानगर)। सोम नदी पुल पर शुक्रवार को बलौली गांव के रमेश चंद व उनकी पत्नी कमलेश देवी की डंपर की चपेट में आने से मौत होने के मामले में शनिवार को गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजन दोनों के शवों को लेकर हाईवे पर पहुंचे और आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए।
सूचना मिलते ही डीएसपी छछरौली महावीर व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जाम खोलने की अपील की। परिजन नहीं माने और आरोपी चालक की गिरफ्तारी तक हाईवे जाम रखने की बात पर अड़ गए। यही नहीं गुस्साए परिजनों ने पुलिस को जमकर खरी कोटी सुनाई। आउधर हाईवे जाम होने से वाहनों की कतारें लग गई। करीब दो घंटे जाम रहने के बाद डीएसपी महावीर ने परिजनों को चालक को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर को हाईवे को खुलवाया।
जाम के दौरान परिजनों ने कहा कि दुर्घटना करने के बाद आरोपी चालक सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दे रहा है। उसके बाद भी पुलिस कार्रवाई में लापरवाही कर रही है। उन्हें मांग रखते हुए कहा कि पुल संकरा हो रहा, जिसकी वजह से पहले भी हादसे हो चुके हैं। पुल को भी चौड़ा किया जाए और सड़कों पर मौत बनकर घूम रहे इन तेज रफ्तार डंपरों पर भी अंकुश लगना चाहिए।
बलौली गांव के रमेश चंद अपनी पत्नी कमलेश के साथ बाइक पर छछरौली सामान लेने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह सोम नदी के पुल पर पहुंचे तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। कमलेश की मौत छछरौली अस्पताल पहुंचते ही और रमेश ने यमुनानगर पहुंचते ही दम तोड़ दिया था। इस मामले में थाना छछरौली पुलिस मृतक के बेटे रवि की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।