संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बारिश ने स्कूलों की खंडस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता पर पानी फेर दिया है। दूसरे दिन मंगलवार को भी सुबह से वर्षा होने से सभी मुकाबले स्थगित करने पड़े। खेल विभाग ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रतियोगिता अगले आदेश तक रोक दी हैं।
खंडस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले सोमवार को शहर के तीन स्थानों पर करवाई जानी थी। इसमें निजी और राजकीय विद्यालयों की अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग की 55 टीमें भाग ले रही हैं। सभी खंडों से अंडर-14 आयु वर्ग की 16 टीमें भाग ले रही हैं। वहीं, अंडर-17 में 18 टीमें और अंडर-19 आयु वर्ग में 19 टीमें शामिल हैं।
सभी टीमों के बीच लीग मैच होने हैं। इसके बाद क्वार्टर फाइनल, सेमिफाइनल और फिर फाइनल मैच होने हैं। योजना के अनुसार अंडर-14 के मैच स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में करवाए जाने हैं। वहीं, अंडर-17 आयु वर्ग टीमों के मैच संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल और अंडर-19 आयु वर्ग में सेक्टर-18 की एंजल स्पोर्ट्स एकेडमी में करवाए जाने हैं।
बारिश ने विभाग की योजना पर पानी फेर दिया है।पहले दिन भी बीच में बारिश शुरू होने से मैच पूरे नहीं हो सके थे। उम्मीद थी कि मंगलवार को मौसम साफ होने पर प्रतियोगिता दोबारा शुरू कर दी जाएगी, लेकिन सुबह से लगातार बारिश होने के कारण यह संभव नहीं हो सका। बारिश से कई मैदानों में पानी भर गया, जबकि पिच भी खेलने योग्य नहीं रही।
शिक्षा विभाग के जिला खेल अधिकारी राजेश पोसवाल ने कहा कि गीले मैदान में खिलाड़ियों को उतारना जोखिम भरा साबित होगा। फिसलन के कारण चोट लगने की आशंका बढ़ जाती है। इसी कारण से प्रतियोगिता को फिलहाल स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। मौसम सामान्य होने और मैदान खेलने लायक बनने के बाद नई तिथि घोषित कर शेष मुकाबले कराए जाएंगे।