यमुनानगर। सेक्टर 17 में जिम खाना रोड को मॉडल रोड बनाए जाने का काम शुरू हो गया है। इसके लिए सड़क किनारे से अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। वहीं सड़क पर अवैध रूप से खोले गए छोटे गेट भी बंद किए जा रहे हैं।
शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से सेक्टर 17 की जिम खाना रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। सड़क के दोनों साइडों में इंटरलॉकिंग टाइल लगाई जाएंगी। इस कार्य में करीब सात करोड़ रुपये की लागत आएगी। सड़क पर काफी समय से लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था।
कुछ लोगों ने अपनी कोठियों के पीछे छोटे दरवाजे खोल लिए थे। साथ ही कुछ ने सड़क के कुछ हिस्से पर कब्जा कर लिया था। कुछ दिन पहले शहरी विकास प्राधिकरण ने सभी को नोटिस जारी किए थे। इसके बाद कुछ लोगों ने अपने दरवाजे बंद भी कर लिए थे। अब विकास प्राधिकरण की ओर से सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। सड़क से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। सड़क के किनारों पर जेसीबी से खोदाई की जा रही है। इसके बाद इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने का काम शुरू किया जाएगा।