संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ठंड बढ़ने के साथ लोगों की दिनचर्या बदल गई है। एक महीने पहले तक जो धूप लोगों को परेशान कर रही थी, वह अब खूब राहत पहुंचा रही है। लोगों को धूप में बैठना अच्छा लग रहा है। ऐसे में शहर के तमाम पार्क व बगीचों में लोगों की संख्या बढ़ी है। वहीं रविवार को हवा में प्रदूषण का स्तर 213 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर रहा।
भले ही लोग अच्छे स्वास्थ्य के लिए धूप व पार्कों की खुली हवा में बैठना पसंद कर रहे हैं, लेकिन जिले की हवा अभी भी लोगों के लिए हानिकारक बनी हुई है। हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो पा रहा है। हवा के कारण लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें हो रही है। तापमान कम होने के बावजूद पूरी तरह ठंड नहीं हो रही है।
रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसे साथ दस किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। इससे सुबह शाम घर से बाहर ठिठुरन बनी रही है। सर्दी के चलते बाजार भी जल्दी बंद होने लगे हैं और सड़कें भी वीरान दिखने लगी हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान सुबह शाम की सर्दी में थोड़ी वृद्धि होगी, लेकिन धूप निकलने के कारण दिन में सर्दी बहुत कम रहेगी। वहीं, दूसरी तरफ चिकित्सक लोगों को प्रदूषण से बचने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सकाें का कहना है कि जिले का एक्यूआई 200 से ज्यादा है, जो किसी भी स्वस्थ व्यक्ति को बीमार कर सकता है। ऐसे में सभी को सावधानी बरतनी चाहिए।
डॉ. सौरभ गर्ग ने कहा कि ऐसे वातावरण में बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भीड़ व प्रदूषण वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें। वहीं, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय दहिया ने बताया कि प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में है। ऐसे में बच्चों का ध्यान ज्यादा रखने की जरूरत है। इस दौरान कुछ महीने पहले पैदा हुए बच्चों को बचाने की ज्यादा जरूरत है। ऐसे में बच्चों को सीधी हवा में लाने से परहेज करें। संभव हो तो बच्चों को एयर प्यूरीफायर वाले नेट में रखे।