संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत शहर के सुंदरीकरण व सफाई के लिए नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डाें को 10 क्लस्टर में बांटा गया है। एक क्लस्टर में दो या तीन वार्डाें को शामिल किया गया है। प्रत्येक क्लस्टर में एक नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। जो अपने क्लस्टर की सुंदरता व सफाई व्यवस्था बेहतर बनाएगा।
इस अभियान में प्रत्येक पार्षद का योगदान अहम है। पार्षद अपने वार्ड के सभी लोगों को इस अभियान से जोड़े और उन्हें सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और गंदगी न फैलाने के लिए समझाएं। मेरा वार्ड सबसे सुंदर वार्ड बनाने का हर पार्षद प्रयास करें। सबसे सुंदर वार्ड के पार्षद व नोडल अधिकारी को सम्मानित किया जाएगा। यह बात मेयर सुमन बहमनी ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के साथ सभी निगम पार्षदों की बैठक लेने के दौरान कही।
मेयर बहमनी ने कहा कि प्रत्येक पार्षद अपने अपने क्षेत्र में ऐसे प्वाइंट चिन्हित करें, जहां गंदगी अधिक जमा होती है। खुले में कचरा कहां कहां पड़ा है। अभियान के तहत इन प्वाइंट को साफ किया जाएगा। पार्षद अपने वार्ड के लोगों को इन प्वाइंट पर दोबारा कचरा न डालने के बारे समझाएं।
अपने वार्ड के प्रत्येक गली, मोहल्ला, कॉलोनी के लोगों को अभियान से जोड़े। वार्ड की धार्मिक संस्था, मंदिर कमेटी, समाजसेवी संस्था व अन्य स्वयं सेवी संस्थाओं को अभियान से जोड़े और 25 सितंबर को सभी मिलकर अपने वार्ड में स्पेशल ड्राइव चलाकर शहर को साफ करने में सहयोग करें। अपने वार्ड को जीरो वेस्ट बनाए।