यमुनानगर। नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के नए सदन के कार्यकाल की शुरुआत में ही शहर का विकास रफ्तार पकड़ रहा है। एक ओर निकाय चुनाव की आचार संहिता व ठेकेदार न मिलने से लटके कामों की दोबारा ई निविदाएं लगाई जा रही हैं, वहीं कई नए कामों की भी ई निविदाएं लग रही हैं। नए कामों में एक शहरी सड़कों के सुधार का है, जिस पर अनुमानित 19.51 लाख रुपये खर्चने की तैयारी है।
इस राशि पर नगर निगम अफसरों ने रेडी मिक्स्ड कोल्ड बिटूमिन बैग्स लेने के लिए ईनिविदा लगाई है। एक अप्रैल को लगाई ईनिविदा में आठ अप्रैल तक ठेकेदारों व एजेंसियों से बिड मांगी गई है। अगर पहली बार में ही लगी ईनिविदा की प्रक्रिया पूरी होती है तो अगले चार माह के भीतर शहर में गड्ढों को भरकर सभी 22 वार्डों की सड़कें सपाट होने की संभावना है।
डी-प्लान से होंगे 30.31 लाख ये काम: वार्ड-14 के प्लेट नगर पार्क में 3.13 लाख रुपये से पेंट, पुट्टी व प्लास्टर, वार्ड-15 में न्यू मार्केट की सुभाष गली में तीन लाख रुपये से पवन मग्गो के घर से तेजेंद्र सिंह सलुजा के घर तक पाइप बिछाने, वार्ड-15 में हनुमान गेट से बड़े नाले तक 5.93 लाख में गली निर्माण, वार्ड-15 में छोटी लाइन पर 2.96 लाख रुपये से कवर्ड ड्रेन का निर्माण, वार्ड-15 के इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट पार्क में 6.82 लाख रुपये से झूले लगाने सहित ट्रैक का निर्माण, वार्ड-15 में न्यू हमीदा कॉलोनी में राजेश सेठ के घर के सामने 8.47 लाख रुपये से पार्क का विकास होगा। उक्त कामों के लिए नगर निगम की ओर से ईनिविदाएं लगा दी गई हैं।