पानीपत। पसीना कलां गांव के मदरसे में बंधक बनाकर पिटाई से नौ साल के बच्चे के दिलो-दिमाग पर भी गहरा असर पड़ा है। बच्चा काफी डरा और सहमा हुआ है। वह किसी व्यक्ति को पास देखकर भी सहम जाता है। पिटाई से घायल और डर के कारण बच्चे को दो दिन से तेज बुखार है। जिस कारण जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बच्चे को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। बाल कल्याण समिति ने अस्पताल में पहुंचकर बच्चे की काउंसिलिंग की। आरोप हैं कि मौलवी बच्चे के माता-पिता पर फैसले का दबाव बना रहे हैं। इसके लिए उन्हें धमकी भी दी जा रही है। बाल कल्याण समिति शुक्रवार को एसपी से मिलकर प्रकरण में ठोस कार्रवाई की मांग करेगी।