यमुनानगर में लाइट एंड साउंड शो में प्रस्तुति देते कलाकार। डीआईपीआरओ
यमुनानगर। श्री गुरु तेग बहादुर के जीवन, आदर्श और उनकी अमर विरासत पर आधारित हिंद की चादर लाइट एंड साउंड शो देर सायं शहर के एक निजी कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम में जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बताया कि यहां पर आयोजित लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से श्री गुरु तेग बहादुर जी के जन्म से लेकर शहादत तक के चित्रण को कलाकारों द्वारा दिखाया गया।
शो के माध्यम से मुगलों द्वारा गुरु तेग बहादुर व उनके अनुयायी भाई सतीदास, भाई मतिदास, भाई दयाला पर जो यातनाएं की गई थी उसे दिखाया गया। यहां यह भी दर्शाया गया कि गुरु तेग बहादुर वह महापुरुष थे जिन्होंने अपने शीश की कुर्बानी देकर मानवता व धर्म की स्वतंत्रता की रक्षा की। धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था। लाइट एंड साउंड शो की प्रस्तुति देने वाले मुख्य आर्टिस्ट व इन नाटक में विभिन्न किरदार निभाने वाले कलाकारों ने उस समय मुगलों द्वारा जो अत्याचार व यातनाएं दी गई थी उन्हें यहां पर दिखाने का काम किया। इसके अलावा सोनीपत के गांव बड़खालसा व लखी शा बंजारा की भी जो महत्वपूर्ण भूमिका रही उसे भी दिखाया गया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा हरियाणा में गत एक नवंबर से श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ की गई है जिनका राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में किया जाएगा।