यमुनानगर। चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी अकरम खान उर्फ साहिल ने आने-जाने का ऐसा तरीका अपनाया था कि पुलिस भी उसके तरीके को देखकर हैरान रह गई। आरोपी मुजफ्फरनगर स्थित अपने ससुराल से बाइक पर यमुनानगर आता था। लेकिन वारदात वाले इलाके में बाइक लेकर नहीं जाता था।
वह रास्ते में बाइक खड़ी कर ई-रिक्शा से टारगेट तक पहुंचता था। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काबू कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पर पहले से 15 मुकदमे दर्ज है। एंटी बर्गलरी स्टाफ प्रभारी रमन चंदेल ने बताया कि 15 जून की रात इंद्रा कॉलोनी में एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे।
विज्ञापन
शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में अकरम खान के बारे में सुराग मिला। आरोपी पहले से चोरी के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से उसका प्रोडक्शन वारंट हासिल कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ससुराल से बाइक लेकर यमुनानगर आता था।
टारगेट वाले क्षेत्र से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी करने के बाद ई-रिक्शा से मकान तक पहुंचता था। चोरी के बाद दोबारा ई-रिक्शा से बाइक तक लौटता और उसे लेकर मुजफ्फरनगर स्थित ससुराल चला जाता था। पुलिस अब पता लगा रही है कि उसने इसी तरीके से और कितनी वारदात की हैं। इस मामले में आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन और दो जोड़ी पाजेब बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।