संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खजूरी रोड स्थित यमुना धर्मकांटा के पास शादीपुर निवासी 24 वर्षीय टीनू के हत्या के आरोप में थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने आर्यन उर्फ महताब को गिरफ्तार कर लिया। हमीदा निवासी आर्यन को उत्तर प्रदेश के बहराइच से गिरफ्तार किया गया। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से बाइक, मोबाइल व पर्स बरामद कराया जाएगा है।
थाना शहर यमुनानगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी आर्यन खजूरी रोड पर ही लकड़ी की लोडिंग का कार्य करता है। रात को उसने मृतक टीनू के साथ शराब पी। फिर उसने चिकन की मांग की। मना करने पर दोनों में कहासुनी हो गई। आर्यन ने वहीं से डंडा उठाकर टीनू के सिर पर मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शादीपुर निवासी टीनू का भाई अमन यमुना धर्मकांटा पर काम करता है। अमन 14 अगस्त की रात को किसी काम से बाहर गया था तो उसने अपनी जगह टीनू को धर्मकांटा पर ड्यूटी करने भेज दिया था। 15 अगस्त की सुबह जब देर तक भी टीनू घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन उसकी तलाश में धर्म कांटा पर गए। वहां पर टीनू का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
मौके पर उनके पड़ोस के अन्य लोग व रिश्तेदार भी पहुंच गए। परिजनों ने मौके पर हंगामा करना शुरू कर दिया। गुस्साए परिजनों ने सहारनपुर-खजूरी रोड पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने परिजन को शांत कर जाम खुलवाया था। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी की जांच की तो सामने आया कि आर्यन टीनू की बाइक लेकर वहां से निकला है।
जिसके बाद वह घर से भी लापता है। पुलिस ने मामले की जांच में सीआईए-टू की भी मदद ली। उसके बहराइच में छिपे होने का पता लगा और वहां से उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया। आर्यन को रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।