- दो दिन पहले विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता महिपाल रोहिल्ला पर दो युवकों ने किया था हमला
संवाद न्यूज़ एजेंसी
यमुनानगर। विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता महिपाल रोहिल्ला पर सुबह सैर करते समय लकड़ी तस्करों ने हमला कर दिया। विवाद होने पर दोनों पक्षों की पंचायत हुई। इसमें दोनों आरोपी युवकों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, जिसके बाद मामला निपट गया है। दोनों पक्षों ने आपसी मनमुटाव दूर कर समझौते पर सहमति जताई है।
प्रतापनगर निवासी विश्व हिंदू परिषद वरिष्ठ कार्यकर्ता महिपाल रोहिल्ला पर दो दिन पूर्व दो युवकों द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप में थाना प्रताप नगर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। घटनाक्रम को लेकर सोमवार सुबह विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता अनाज मंडी प्रताप नगर में थाने के सामने जमा हो गए। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने दोनों आरोपियों को थाने में तलब किया। बागपत के पूर्व सरपंच हारून, दीन मोहम्मद और दूसरे पक्ष की ओर से पूर्व सरपंच देवेंद्र पाल सिंह संधू, विश्व हिंदू परिषद नेता भूपेश, कर्मबीर मान, डॉ. सुरेंद्र सिंगला, सुधीर रोहिल्ला, सुमेर वालिया, प्रदीप कलेसर, अनिल वालिया आदि ने मध्यस्थता कर दोनों आरोपी युवकों से पंचायत में माफी मांगने को कहा। दोनों आरोपी युवकों ने पंचायत के बीच माफी मांग कर शिकायत वापस लेने की अपील की। माफी मांग लेने पर दोनों पक्ष का मन मटाव दूर हो जाने पर मामला निपट गया। महिपाल रोहिला ने बताया कि दोनों युवकों द्वारा माफी मांग लिए जाने पर मामला यहीं पर खत्म हो गया है। एसएचओ प्रताप नगर सतनाम सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया है। दोनों पक्षों की सहमति से मामला निपट गया है।