संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुराना छछरौली रोड पर सुभाष नगर में मेडिकल स्टोर संचालक ललित मोहन गुप्ता की पत्नी नीरज गुप्ता, किरायेदार व मजदूर को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी अभी भी पकड़ से बाहर हैं। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
वहीं ललित मोहन के घर की तरफ जाने वाली सड़क व गलियों में लगे सीसीटीवी की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। क्योंकि हो सकता है कि जिस रास्ते से लुटेरे आए हों दोनों कहीं बिना मास्क के दिख जाएं। क्योंकि घर में जो फुटेज मिली है उसमें दोनों ने अपने चेहरों पर मास्क लगाए हुए हैं। पुलिस साइबर सेल की भी इस मामले में मदद ले रही है।
वहीं सीसीटीवी फुटेज खंगालने के अलावा पुलिस ने नीरज गुप्ता के घर में मरम्मत कार्य में लगे मजदूर रामधीरज से भी पूछताछ की। पुलिस को शक था कि रामधीरज लुटेरों से मिला हो सकता है। परंतु उससे की गई पूछताछ में पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इस मामले की जांच बूड़िया चौकी पुलिस, थाना शहर जगाधरी पुलिस के अलावा सीआईए भी कर रही है।
बूड़िया गेट चौकी इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं जो भी संदिग्ध हैं उन सभी से पूछताछ कर रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सुभाष नगर निवासी ललित मोहन 26 अप्रैल की रात अपने मेडिकल स्टोर पर थे। घर पर उनकी पत्नी नीरज गुप्ता, किरायेदार शालू गुप्ता के अलावा घर में मरम्मत कर रहा मजदूर रामधीरज था। इसी दौरान दो बदमाश चेहरे पर मास्क लगाकर घर में घुस गए। उन्होंने पिस्टल दिखाकर नीरज गुप्ता से पांच लाख रुपये मांगे। परंतु घर में इतने रुपये न होने पर आरोपी उनका आईफोन समेत दो मोबाइल, गले से सोने की चेन व गहने लूट कर फरार हो गए थे। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी।