संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर पांच लाख की ठगी करने के आरोपियों ने लक्ष्मी नगर निवासी आकाश को वीजा देने बहाने कार्यालय बुलाकर तलवार व डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज किया है।
लक्ष्मीनगर निवासी आकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए जानकार कुलधीर सिंह व उसके बेटे अभिषेक से बात की तो आरोपियों ने कहा कि वह उसका वर्क वीजा लगवा देंगे। इसके लिए पांच लाख रुपये पहले देने पड़ेंगे। उनकी बातों में आकर अलग-अलग कर रुपये दे दिए। आरोपी उसे कई बार अपने साथ चंडीगढ़ भी लेकर गए। जब काफी समय बीत गया तो वह टाल मटोल करने लगा।
आरोपियों से पासपोर्ट वापस मांगा तो उन्होंने अपने महाराणा प्रताप चौक स्थित कार्यालय में बुलाया। जब यहां पर पहुंचा तो कुलधीर राणा व उसके तीन-चार साथियों ने गाली गलौज करते हुए तलवार व डंडों से हमला कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह से उनसे बचकर भागा। गांधीनगर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।