बिलासपुर। न्यायालय के आदेशों पर लगभग दस महीने बाद बिलासपुर पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी अनुसार 19 जनवरी 2014 को बिलासपुर राधास्वामी सत्संग कॉलोनी के समीप स्थित नाले में एक युवक का शव मिला था। इसकी पहचान बिलासपुर निवासी टीपू सुलतान के रूप में हुई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लेते हुए 174 की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के शरीर से लिए गए नमूनों को जांच के लिए मधुबन भेज दिया गया। उस समय मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी और दो आरोपियों के नाम पुलिस को दिए थे। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उसके पश्चात मृतक के परिजनों अब्दुल व गुफार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस पर लगभग दो दिन पहले न्यायालय की ओर से पुलिस को बिलासपुर निवासी विजय व पालचंद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने के आदेश दिए गए। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 व 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।