यमुनानगर। पटियाला से समारोह में सवारियां लेकर आए टैंपो ट्रैवलर चालक पर इनोवा कार चालक व उसके साथी ने सिर में रॉड मारकर जानलेवा हमला किया। हमले में चालक पटियाला के जस्सेवाल निवासी अमरीक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटियाला के जस्सेवाल निवासी अमरीक सिंह ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह टैंपो ट्रैवलर से सवारी का किराया करता है। शाम करीब पांच बजे वह सवारी लेकर सिटी सेंटर के पास आया था। यहां उसने एक समारोह में सवारी को उतावा। इसके बाद वह कार्यक्रम में आए इनोवा गाड़ी चालक व उसके साथी के साथ खाना खाने को लक्ष्मी सिनेमा के पास चला गया। जहां उन तीनों ने खाना खाया।
खाने पीने के दौरान उन तीनों की आपस में बहस हो गई। बहस बढ़ने पर इनोवा कार चालक ने अपनी गाड़ी से लोहे की रॉड निकालकर उसे जान से मारने की नियत से सिर पर वार किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि दो आरोपियों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों की गाड़ी नंबर के आधार पर पहचान की जा रही है। जल्द आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।