संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अल सुबह बादल छाने और दिन में कई जगह अच्छी बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम में आए परिवर्तन से अधिकतम तापमान में दो व न्यूनतम में एक डिग्री की कमी आई है। हालांकि जहां पर बारिश नहीं हुई वहां पर लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ा।
छछरौली व सरस्वतीनगर क्षेत्र में करीब दो घंटे तक अच्छी बारिश हुई। सड़कों किनारे पानी जमा हो गया। बच्चों व बड़ों ने भीग कर बारिश का खूब आनंद लिया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह में कई दिन बारिश होने की संभावना है। जिससे लोगाें को काफी राहत मिलेगी। वहीं रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शनिवार रात को भी लोगों को उमस का सामना करना पड़ा था। हालांकि रविवार सुबह बादल उमड़ आने से मौसम में परिवर्तन देखा गया। बादलों से बदले मौसम से लोग अच्छी बारिश होने का अनुमान लगाते रहे।
ऐसे में कभी बादल छाने तो कभी हल्की धूप निकलने का सिलसिला चलता रहा। जिले में कई जगह अच्छी बारिश हुई। थोड़ी ही देर में सड़कों किनारे व गलियों में पानी ही पानी हो गया। इससे लोगों को काफी राहत मिली। लोगों का गर्मी व उमस से बचाव हुआ। शहर में भी सुबह के समय थोड़ी देर के लिए ही बारिश हुई। बारिश होने से दिनभर मौसम ठंडा रहा।
रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसान खुश
पिछले कुछ दिनों से जिले में रुक-रुक कर कर बारिश हो रही है। इस बारिश को किसान फसलों के लिए काफी लाभकारी बता रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना व निदेशक मंदीप रोड छप्पर ने बताया कि इस तरह की बारिश फसलों के लिए अच्छी होती है। इस बारिश का पानी पौधे की जड़ों में रिसता है। तेज बारिश से फसल को खतरा रहता है। क्योंकि कई बार तेज बारिश होने के दौरान हवा भी चल जाती है, जिससे गन्ने की फसल का खेतों में बिछने का खतरा रहता है।