संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। तेजली खेल परिसर में अभ्यास करने पहुंचने वाले खिलाड़ियों को सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। खेल परिसर के पास बने भवन पर लंबे समय से ताले लटके हैं। ऐसे में सुबह और शाम अभ्यास करने आने वाले खिलाड़ियों को अपना सामान मैदान में ही रखना पड़ रहा है।
भवन में सुविधा उपलब्ध होने पर खिलाड़ी कमरों में विश्राम कर सकते हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति में उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि खेल परिसर में बने भवन की खिड़कियां और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। देखरेख के अभाव में भवन की हालत खराब होती जा रही है।
इसके अलावा शौचालय पर भी ताला लगा है, जिससे महिला खिलाड़ियों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ी अभिषेक, राहुल, कर्मचंद, मयंक और शीतल ने बताया कि वे नियमित रूप से खेल मैदान में अभ्यास के लिए आते हैं, लेकिन यहां खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भवन को ठीक करवाकर खिलाड़ियों के उपयोग के लिए खोला जाए, ताकि उन्हें गर्मी और अन्य मौसम में राहत मिल सके।
वहीं सुबह और शाम सैर करने आने वाले जंगशेर, राजकुमार, करेशना, न्योरती राम, जयपाल और अंकित ने बताया कि खेल मैदान की स्थिति भी बेहतर नहीं है। मैदान कई जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके अलावा दिन के समय भी यहां लावारिस पशु घूमते रहते हैं, जिससे खिलाड़ियों और सैर करने आने वाले लोगों को हादसे का खतरा बना रहता है।
खिलाड़ियों ने मांग की है कि खेल परिसर की मरम्मत करवाकर यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बेहतर सुविधाएं मिलने से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से खेल परिसर की व्यवस्था सुधारने और भवन को जल्द खोलने की मांग की है।
तेजली खेल परिसर का मुख्य गेट। संवाद
तेजली खेल परिसर का मुख्य गेट। संवाद