यमुनानगर। शहर के सड़कों और पार्कों की सुंदरता बढ़ाने के लिए सड़क किनारे, डिवाइडर व पार्काें में लगे पेड़-पौधों की ट्रिमिंग के लिए नगर निगम अलग से ट्री ट्रिमिंग टीम तैयार करेगा। यह निर्णय नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने शुक्रवार को अभियंता शाखा जोन दो के अधिकारियों की बैठक के दौरान लिया।
बैठक में उन्होंने जोन दो के वार्ड आठ से 15 में लगभग 19.85 करोड़ की लागत से होने वाले 75 विकास कार्यों, लगभग 26.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 63 विकास कार्यों और लंबित विकास कार्याें पर समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जोन दो के हर वार्ड में किए जा रहे विकास कार्यों, पार्काें के सुंदरीकरण, सामुदायिक केंद्रों के रखरखाव, नव स्वीकृत कॉलोनियों के विकास पर विस्तार से चर्चा की। जो कार्य अभी शुरू नहीं हो पाए, उनके शुरू न होने के कारण जाने और उनका निवारण कर रुके विकास कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनहित में होने वाले विकास कार्यों को चार वर्गों में बांटकर एस्टीमेट तैयार करें। सबसे पहले मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री के माध्यम से जनहित में होने वाले विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार करें। इसके बाद विधायकों के माध्यम से आने वाले कार्याें को पहल देकर उनके एस्टीमेट तैयार करके निर्माण करवाएं। तीसरे वर्ग में समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों के माध्यम से निगम क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर निर्माण कराया जाएगा। चौथे वर्ग में अन्य कार्य होंगे। जो संबंधित कनिष्ठ अभियंता अपने वार्ड का दौरा करके तैयार करेंगे। कनिष्ठ अभियंता द्वारा अपने वार्ड का दौरा करके जनहित में होने वाले विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर निर्माण करवाना है। वार्ड में जो जरूरी कार्य होने हैं, उनका तुरंत एस्टीमेट तैयार कर निर्माण कराएं। बैठक के दौरान निगम आयुक्त सिन्हा ने नव स्वीकृत कॉलोनियों में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नव स्वीकृत कॉलोनियों में जहां सीवरेज व पानी की पाइप लाइन डाली जा चुकी है। संवाद