संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (डीसीसीबीआई) की आयोजित केसरी दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को समापन हो गया। फाइनल मैच सेक्टर-18 स्थित एंजल एकेडमी के मैदान में खेला गया। टीम इंडिया बी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया ए को आठ विकेट से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ए ने कुल 16 ओवर खेले। टीम ए कुल 127 रन पर ऑलआउट हो गई। इस दौरान सैयद शाह अजीज ने 40, निशांत कुमार ने 15 रन और वेदांत गुप्ता ने 14 रन बनाए। इंडिया बी की ओर से गेंदबाजी में राजकुमार गुर्जर ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। वागीश त्रिपाठी ने तीन तथा हिमांशु कोली ने दो विकेट का झटका टीम ए को दिया।
बल्लेबाजी के लिए उतरी इंडिया बी ने बहुत ही आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया। टीम बी ने मात्र 8.2 ओवर में दो विकेट खोकर 128 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस दौरान सलामी बल्लेबाज गुलामदीन ने विस्फोटक पारी खेलते हुए 42 रन बनाए। इसके साथ बलराज सिंह ने 37 रन और लक्की रावत ने 31 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
समापन समारोह में में भाजपा नेता मोहित ईशु मुख्यातिथि रहे। वहीं, प्रसिद्ध क्रिकेटर राजशेखर मलिक, पानीपत के फिटनेस मॉडल मालिया खुराना, डीसीसीबीआई के सीईओ गजल खान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पंकज चुघ विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्यातिथि ईशु ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा, समर्पण और खेल भावना सभी के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि जिले के लिए गर्व का विषय है कि खिलाड़ी यहां पहुंचे और उन्होंने शारीरिक निशक्ता को दरकिनार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने खेल से संदेश दिया है कि इच्छा शक्ति के सम्मुख किसी तरह की निशक्ता बाधा नहीं बन सकती है। टूर्नामेंट में केसरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जीएसए स्पोर्ट्स वर्ल्ड सहित अन्य संस्थाओं ने योगदान दिया।