यमुनानगर
कोरोना वायरस के चलते हरियाणा सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में लॉकडाउन किया गया हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े स्टाफ के अतिरिक्त सभी को वर्क फ्रॉम होम करने के आदेश जारी किए गए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षार्थियों के हित के लिए 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं जो कि मार्च में हुई थी की उत्तर पुस्तिकाओं का अंकन घरों पर ही करवाने का निर्णय लिया गया हैं। इस संदर्भ में शिक्षा विभाग की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। डिप्टी डीईओ शिव कुमार ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 11 अप्रैल को अध्यापकों/प्राध्यापकों को मूल्यांकन के लिए उत्तरपुस्तिकाएं बांटे जाएंगीं। इस संबंध में संबंधित सभी अध्यापकों व प्राध्यापकों को मैसेज और मेल द्वारा सूचना भी दे दी गई हैं। उन्होंने बताया कि जिले में उत्तर पुस्तिका बाँटने के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें झंडेवाला स्कूल, मॉडल कॉलोनी और मॉडल टाउन का राजकीय स्कूल शामिल हैं। इन केंद्रों से अध्यापक/प्राध्यापक उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल प्राप्त करेंगें। उन्होंने कहा कि बंडल देते समय कुछ नियमों का पालन भी किया जाएगा। जिसके तहत सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखा जाएगा, सभी बंडल सैनिटाइज करके ही अध्यापकों को दिए जाएगें, केंद्र पर ज्यादा भीड़ ना जुटे इसके लिए एक निश्चित समय अंतराल पर अध्यापक को बुलाकर बंडल देकर तुरंत रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और मार्किंग के लिए 22 अप्रैल तक का समय दिया गया हैं। 22 अप्रैल तक सभी बंडल वापिस करने होंगें।